दुमका में कांग्रेस का प्रदर्शन : स्टीफन मरांडी ने लाठीचार्ज का किया विरोध,शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
दुमका:अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर गुरुवार को स्थानीय सिंधी चौक पर छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए दुमका जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष स्टीफन मरांडी की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया. धरना प्रदर्शन में वक्ताओं ने केंद्र के खिलाफ और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध किया.
युवाओं पर लाठीचार्ज का विरोध
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष स्टीफन मरांडी ने कहा कि दिल्ली में युवाओं पर लाठीचार्ज कर लोकतंत्र की हत्या की गई है. उन्होंने कहा कि एक छात्र दिनभर में 18 से 20 घंटे पढ़ाई करता है, माता-पिता दिन-रात छात्र के साथ खड़े रहते हैं बावजूद छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. स्टीफन मरांडी ने पूरे घटना के निंदा करते हुए कहा कि ऐसे में पेपर लीक कर उनको आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा.
युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा-स्टीफन मरांडी
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कहा कि देश के युवा, संसद से लेकर सड़कों पर उतर चुके हैं. युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर केंद्र सरकार ने गुंडों के साथ लाठीचार्ज किया,जिसकी कड़ी निंदा करते हैं. कांग्रेस युवाओं के इस आंदोलन का समर्थन करती है.
धर्मेंद्र प्रधान सेइस्तीफा देने की मांग
प्रदर्शन के बाद मो.फरीद, मौसमी कुमारी,नगमा खातून सभी ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा. इसके बाद कांग्रेस कमिटी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने की मांग का ज्ञापन दुमका जिला उपायुक्त को सौंपा.
प्रदर्शन में तमाम कांग्रेसियों ने दिया साथ
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव श्यामल किशोर सिंह, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव अरबी खातून एवं संजीत सिंह, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के संयुक्त सचिव रोमी इमाम, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष मनोज अंबष्ट, प्रेम कुमार साह, महबूब आलम, शहरोज शेख, टिंकू अली इमाम, सागेन मुर्मू, सुनील किस्कू, विलियम टुडू, तोबियस मुर्मू, राजेश्वर किस्कू, श्याम सुंदर भगत, रोहित रंजन, मो. अनवर, धनी राम बास्की, दशरत मंडल एल्बिनुस किस्कू, गणेश सोरेन, पॉल हांसदा, आदि मौजूद रहे.