धनबाद-रांची मुख्य मार्ग धंसा : केंदुआडीह के पास सड़क धंसने के साथ कई जगहों पर आई दरारें, दहशत में लोग
धनबाद:धनबाद-रांची मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना के पास बुधवार को अचानक सड़क बीच से करीब 2 फीट तक धंस गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल है. सड़क धंसने के साथ ही कई जगहों पर दरारें भी दिखाई देने लगी है. जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है. हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुई है.
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से जहरीली गैस का रिसाव भी हो रहा है, जिससे कई लोगों की जान भी जा चुकी है. अब मुख्य सड़क का धंसना चिंता का विषय बन हुआ है.
स्थिति को देखते हुए केंदुआडीह पुलिस ने तुरंत सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मुख्य मार्ग को बंद कर दिया है. फिलहाल, यातायात को पास की एक लिंक रोड के जरिए संचालित किया जा रहा है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी बीसीसीएल और जिला प्रशासन को दे दी गई है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है.
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि बीसीसीएल लोगों को हटाने के लिए साजिश कर रही है. उनका कहना है कि लोग विस्थापन के लिए तैयार है, लेकिन उनकी शर्तें नहीं मानी जा रही है.