धनबाद में फिर चली गोली : लोहे के अवैध कारोबार में वर्चस्व की जंग, एक युवक गंभीर
धनबाद:जिले के जोरापोखर थाना क्षेत्र में एक बार फिर गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. बताया जा रहा है कि लोहे के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर 2 नंबर डुमरी जामाडोबा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह गोली चली है. जिसमें रिक्की सिंह नाम का शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल रिक्की सिंह को पहले स्थानीय टाटा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मिशन हॉस्पिटल दुर्गापुर रेफर कर दिया गया.
सूचना मिलते ही जोरापोखर थाना पुलिस और डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुट गए हैं. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. घायल की पत्नी चंदा कौर ने बताया कि सुबह अंधेरा रहने के कारण वह अपने पति के साथ शौच के लिए गई थीं. इसी दौरान चार से पांच युवक वहां पहुंचे और रिक्की सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे. आरोप है कि इसी बीच हर्ष सिंह नाम के युवक ने उनके पति पर गोली चला दी. चंदा कौर ने बताया कि एक दिन पहले उनके पति लोहे की चोरी का विरोध कर रहे थे, जिसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले को अवैध लोहे के कारोबार और आपसी वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर जांच कर रही है.