Hindi News / मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने SNMMCH का किया निरीक्षण,सुविधाओं के विस्तार पर सरकार...

धनबाद : मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने SNMMCH का किया निरीक्षण,सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर

Edited By:  |
dhanbad

धनबाद: झारखण्ड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने शुक्रवार को स्वर्गीय निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SNMMCH) का निरीक्षण किया. मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बढ़ाने को लेकर आवश्यक जरूरतों पर जानकारी ली.इस दौरान उन्होंने एसएनएमएमसीएच में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बढ़ाने, डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने एवं अन्य जरूरतों पर पदाधिकारियों से फीडबैक लिया. बता दें कि आने-वाले समय में एमबीबीएस की सीट पहले फेज में 100 से बढ़ाकर 150 करने के साथ-साथ बेड की संख्या 500 से बढ़ाकर 1000 करने का लक्ष्य है.

मीडिया से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार का लक्ष्य है और उन्हीं जरूरतों का जायजा लिया गया. फेकेल्टी बढ़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति प्रक्रिया से ही संभव है. उन्होंने कहा कि एमबीबीएस की सीट भी बढ़ाई जाएगी.

एसएनएमएमसीएच में संसाधन बढ़ाने पर झारखण्ड सरकार का जोर है. इसे लेकर समय-समय पर सरकार के स्तर से आला अधिकारियों का एसएनएमएमसीएच का विजिट भी होता रहा है. इसी कड़ी में सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार एसएनएमएमसीएच का निरीक्षण करने धनबाद पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पीजी बिल्डिंग, इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया. साथ ही अधीक्षक एवं मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी की. इस मौके पर धनबाद उपायुक्त भी मौजूद रहे.