धनबाद : प्रेम प्रसंग में पति की हत्या का खुलासा,दो गिरफ्तार, तीन नाबालिग हिरासत में
धनबाद:झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस की जांच पड़ताल में खुलासा हुआ है कि प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश में युवक की हत्या की गई थी. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है. मुख्य आरोपी मृतक की पत्नी का प्रेमी सिद्धू और सहयोगी शुभम सिंह गिरफ्तार. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम का देशी पिस्तौल, क्षतिग्रस्त मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया गया.सीटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी है.
गुड्डु सेठ की हुई थी गोली मारकर हत्या
एसपी ने बताया कि 12 अप्रैल की रात भूलन बीसीसीएल मैगजिन के पास ओबी डंप क्षेत्र में जेलगोरा निवासी मो.शमीम अंसारी उर्फ गुड्डु सेठ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज किया गया था.
मृतक की पत्नी का थाअवैध संबंध,साजिश के तहत की हत्या
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन गया.जिसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया. जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी और उसके ही दुकान के स्टाफ मो. अलबक्श अंसारी उर्फ सिद्धू के बीच अवैध संबंध थे. इसी विवाद में हत्या की साजिश रची गई. 12 अप्रैल की रात आरोपी सिद्धू ने बहाने से गुड्डु सेठ को सुनसान जगह ले जाकर पीछे से गोली मार दी. मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी.