धनबाद : पुलिस लाइन में सरहुल का उल्लास, मांदर बजाए एसएसपी
धनबाद:जिले केपुलिस लाइन स्थित पुलिस केंद्र में आदिवासी समाज के प्रमुख पर्व सरहुल पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया. इस अवसर पर ट्रैफिक एसपी, डीएसपी साइबर समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारी और जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे. कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना हुई, जहां धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने भाग लेकर जिले में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन पुलिस बल के बीच आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं. साथ ही यह पर्व प्रकृति के प्रति आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को सरहुल की शुभकामनाएं दीं और मिलकर इस पारंपरिक पर्व की खुशियां साझा कीं.
पूजा के बाद पूरे परिसर का माहौल उत्सवमय हो गया. ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक गीतों की मधुर धुन पर पुलिस अधिकारी और जवान झूमते नजर आए. इस दौरान एसएसपी प्रभात कुमार मंदार बजाते दिखे, सरहुल पर्व के इस आयोजन में आदिवासी संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जिससे वातावरण और भी जीवंत हो उठा.