Hindi News / अंबा प्रसाद का घर तोड़े जाने के विरोध में उग्र प्रदर्शन,तेली साहू समाज...

धनबाद : अंबा प्रसाद का घर तोड़े जाने के विरोध में उग्र प्रदर्शन,तेली साहू समाज ने किया आवाज बुलंद

Edited By:  |
dhanbad

धनबाद:कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के आवास को तोड़े जाने की घटना के विरोध में अखिल भारतीय तेली साहू समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया है. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग रणधीर वर्मा चौक पर एकत्रित हुए और धरना देकर अपना आक्रोश जताया.

धरना का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष जगदीश साव ने कहा कि अंबा प्रसाद के घर को तोड़े जाने की कार्रवाई पूरी तरह अन्यायपूर्ण है. इस घटना से साहू यानी तेली समाज में गहरा रोष व्याप्त है.उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के इस तरह की कार्रवाई करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की. जगदीश साव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते इस मामले में न्याय नहीं मिला तो आंदोलन पूरे झारखंड में और तेज किया जाएगा.

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि इस मामले में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और पीड़ित पक्ष को जल्द से जल्द न्याय मिले. साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि अगर उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो यह आंदोलन राज्यव्यापी रूप ले सकता है.धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.