देवघर में आस्था की अनोखी तस्वीर : 54 फीट का विशाल कांवड़ लेकर बाबाधाम पहुंचा कांवरिया,श्रद्धालुओं की टिकी निगाहें
देवघर:राजकीय श्रावणी मेला अब अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. इसके साथ ही कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की आस्था के अनोखे रंग भी लगातार देखने को मिल रहे हैं. इसी क्रम में गया जिले के एक कांवरिया 54 फीट लंबा विशाल कांवड़ लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ते नजर आए.
विशाल कांवड़ को देखकर कांवरिया पथ पर गुजर रहे श्रद्धालुओं की निगाहें ठहर गई. कई लोग इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए. कांवरिया ने बताया कि उन्होंने इस अनोखे कांवड़ को अपने घर पर खुद तैयार किया है. इसे तैयार करने में करीब 14 से 15 दिनों का समय लगा.
कांवरिया का कहना है कि बाबा बैद्यनाथ के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा ने उन्हें इतना विशाल कांवड़ बनाने की प्रेरणा दी. कड़ी मेहनत और लंबी तैयारी के बाद वह इसे लेकर बाबाधाम की यात्रा पर निकले हैं.
सावन मेले के अंतिम दौर में कांवरिया पथ पर उमड़ती श्रद्धा के बीच यह विशाल कांवड़ आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच आस्था का यह अनोखा रंग बाबाधाम की यात्रा को और यादगार बना रहा है.