देवघर : कुमैठा स्टेडियम में प्रतिनियुक्त कर्मियों को पांच महीनों से नहीं मिला मानदेय
देवघर:जिलेके कुमैठा स्टेडियम में प्रतिनियुक्त कर्मियों को पिछले पांच महीनों से मानदेय नहीं मिलने का मामला सामने आया है. लंबे समय से भुगतान अटके रहने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है. इस समस्या से स्वीपर, माली, सुरक्षाकर्मी समेत कई प्रतिनियुक्त कर्मचारी प्रभावित हैं.
कर्मचारियों का कहना है कि नियमित रूप से ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है,जिससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. कर्मियों ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई, राशन, दवा और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में काफी परेशानी हो रही है.
कर्मचारियों को लगातार वेतन नहीं मिलने से मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा है. इसको लेकर कर्मचारियों ने संबंधित एजेंसी और विभागीय अधिकारियों से जल्द भुगतान कराने की मांग की है. कर्मियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं. उन्होंने विभाग से स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए बकाया मानदेय शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की है.