Hindi News / पार्टी ने 7 दिनों में मांगा जवाब,सीएम हेमंत पर दिए गए बयान...

कांग्रेस के के.एन.त्रिपाठी को शो कॉज नोटिस : पार्टी ने 7 दिनों में मांगा जवाब,सीएम हेमंत पर दिए गए बयान ने पकड़ा तूल

Edited By:  |
congress k k.n tripathi ko so cause notice

रांची:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता के. एन. त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की ओर से जारी नोटिस में सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। पार्टी का कहना है कि अनुशासन और महागठबंधन धर्म से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

पलामू में दिए गए बयान पर मांगा जवाब

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को पलामू में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान के. एन. त्रिपाठी द्वारा कानून-व्यवस्था, पुलिस और गृह विभाग को लेकर दिए गए सार्वजनिक बयान पार्टी की निर्धारित नीति और महागठबंधन की सामूहिक जिम्मेदारी के अनुरूप नहीं हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक विचार-विमर्श में विश्वास करती है, लेकिन सार्वजनिक मंचों से ऐसे बयान स्वीकार्य नहीं हैं, जिनसे संगठन और महागठबंधन की एकजुटता प्रभावित हो। यदि किसी विषय पर मतभेद हैं, तो उन्हें पार्टी के निर्धारित मंचों पर रखा जाना चाहिए।

जवाब के बाद होगी आगे की कार्रवाई

राकेश सिन्हा ने कहा कि कारण बताओ नोटिस संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। के. एन. त्रिपाठी से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद पार्टी संविधान और अनुशासन के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी संगठनात्मक अनुशासन, महागठबंधन की एकजुटता और जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पार्टी में किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा और संगठन का हित सर्वोपरि रहेगा।