चुनाव का काउंटडाउन : कोडरमा में सभी पोलिंग पार्टी मतदान केंद्रों के लिए हुए रवाना,57 वार्ड में 263 प्रत्याशियों का किस्मत होगा तय
कोडरमा: नगर निकाय चुनाव 23 फरवरी यानी कल सुबह 7 बजे से मतदान होना है. इसके मद्देनजर आज कोडरमा में सभी पोलिंग पार्टी को मतदान सामग्री देकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. जिले के झुमरी तिलैया नगर परिषद, डोमचांच नगर पंचायत और कोडरमा नगर पंचायत के लिए वोट डाले जाएंगे. नगर परिषद के 28 वार्ड में 68 मतदान केंद्र, कोडरमा नगर पंचायत के 15 वार्ड में 25 और डोमचांच नगर पंचायत के 14 वार्ड 21 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. तीनों नगर निकाय में अध्यक्ष पद के लिए 36 प्रत्याशी चुनावी मैदान में खड़े हैं. जबकि, 57 वार्ड में 263 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि पोलिंग पार्टी को मतदान केंद्रों के लिए सभी सामग्री और जरूरी निर्देश देकर रवाना कर दिया गया है. वहीं, एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे. उन्होंने सभी मतदाताओं से निष्पक्ष होकर भय मुक्त वातावरण में मतदान करने की अपील की है.
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में मतदान सामग्री वितरित करने के लिए डिस्पैच सेंटर बनाया गया था, जहां मतदान सामग्री के साथ मतदान कर्मियों को रवाना करते हुए उपायुक्त ऋतुराज और एसपी अनुदीप सिंह ने चुनाव आयोग के गाइडलाइन से अवगत कराते हुए उन्हें कई दिशा निर्देश भी दिए गए. इस मौके पर मतदान केंद्र रवाना हो रहे मतदान कर्मियों ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष के चुनाव संपन्न कराने को लेकर प्रतिबद्धता जताई.