चतरा में बड़ी कार्रवाई : एक करोड़ का अफीम और डोडा जब्त,पुलिसिया कार्रवाई से नशे के सौदागरों में हड़कंप
चतरा: नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार चल रही अभियान में पुलिस को तीसरे दिन भी यानी मंगलवार को भी बड़ी सफलता मिली है.गुप्त सूचना के आधार पर जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध अफीम, डोडा और पोस्ता बरामद किया है. एसपी सुमित कुमार अग्रवाल के अनुसार, जब्त की गई अफीम का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ रुपये है.
कई चिन्हित घरों में छापेमारी कर मिली सफलता
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया है. एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के रिमी पंचायत स्थित खाखर गांव में कुछ लोग अपने घरों में भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ जमा कर रखे हुए हैं, जिसे वे बाहर के व्यापारियों को बेचने की फिराक में है. इसी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया. जिसके बाद टीम ने गांव के अमारिक कई चिन्हित घरों में छापेमारी कर भारी मात्रा में डोडा और एक क्विंटल पोस्ता दाना बरामद किया गया.
पुलिस को देखते हीसभी तस्कर फरार
वहीं, पुलिस के आने की भनक लगते ही सभी तस्कर घर छोड़कर फरार हो गया. मौके से टीम ने तस्करों के आधार कार्ड भी बरामद किए है. एसपी ने बताया कि इस मामले में तस्कर अमारिक गंझू, मनोज गंझू, सरजू गंझू, मदन गंझू , विनोद गंझू और पिंटू गंझू के विरुद्ध लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि छापेमारी दल में एसडीपीओ के साथ एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी, लावालौंग थाना प्रभारी चन्दन कुमार,एसआई विधायक प्रसाद यादव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. उन्होंने बताया कि पुलिस अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.