चतरा पुलिस की बड़ी सफलता : हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत गिरफ्तार,कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ
चतरा:प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC/TPC) के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने संगठन के हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत को लावालौंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि वह टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू उर्फ सरदार का बेहद करीबी और संगठन का सक्रिय सहयोगी था. गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच धमनियां पिकेट में रखकर पूछताछ की जा रही है.
नरेश गंझू संगठन के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में था
पुलिस सूत्रों के अनुसार,नरेश गंझू संगठन के शीर्ष नेतृत्व के सीधे संपर्क में था और लंबे समय से टीपीसी की गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था.जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे पूछताछ के दौरान संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों,लेवी वसूली, सक्रिय उग्रवादियों और फरार नेताओं से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं. टेरर फंडिंग के मामले में फरार चल रहे टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू तक पहुंचने में भी यह गिरफ्तारी मददगार साबित हो सकती है.
नरेश गंझू के पास से हथियार भी बरामद
सूत्रों के मुताबिक,गिरफ्तारी के दौरान नरेश गंझू के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. हालांकि,पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. माना जा रहा है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेगी.
टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू परकुल 30 लाख का इनाम घोषित
जानकारी के अनुसार,झारखंड सरकार ने टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू उर्फ सरदार पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है,जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उस पर 5 लाख का अतिरिक्त इनाम रखा है. इसी तरह ब्रजेश गंझू पर कुल 30 लाख का इनाम घोषित है और वह सुरक्षा एजेंसियों का मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है.
अन्य उग्रवादियों के खिलाफ भी अभियान तेज
सूत्रों का कहना है कि नरेश गंझू से मिल रही जानकारियों के आधार पर पुलिस संगठन से जुड़े अन्य उग्रवादियों के खिलाफ भी अभियान तेज कर सकती है.वहीं,इस पूरे घटनाक्रम के बीच खबर है कि झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा आज चतरा पहुंच सकती हैं. उनके साथ आईजी, डीआईजी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के भी पहुंचने की संभावना है.