चतरा पहुंचे डीआईजी : कहा-त्योहारों में खलल डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा,पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश
चतरा:जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को देखते हुए प्रशासन की चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर है. इसी कड़ी मेंहजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा चतरा पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. इस बैठक में एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खंडेलवाल समेत जिले के सभी डीएसपी और थानेदार मौजूद रहे.
डीआईजी ने पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए है. डीआईजी ने बताया कि पूरे जिले में कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और गश्ती व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
डीआईजी अंजनी कुमार झा ने साफ लफजों में कहा कि त्योहारों में खलल डालने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर छोटी-बड़ी सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई करें.
उन्होंने जिलेवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.