चतरा में रोजगार सेवक की मौत : CCTV फुटेज से खुला हादसे का राज,काफी देर तक सड़क पर पड़े रहने से गई जान
चतरा:शहर के बीचो-बीच पुराना पेट्रोल पंप इलाके में रोजगार सेवक राजेश कुमार शर्मा का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने पर हड़कंप मच गया. शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों नें हत्या की आशंका जतायी थी. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में ही स्पष्ट हो गया कि रोजगार सेवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई थी. हादसे का वीडियो पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. जिससे कई अहम तथ्य सामने आए हैं.
डाहा पंचायत में कार्यरत थेराजेश कुमार शर्मा
मृतक के परिजनों के अनुसार, बिंड मोहल्ला निवासी मनोहर ठाकुर के बेटे एवं हंटरगंज प्रखंड के डाहा पंचायत में कार्यरत रोजगार सेवक राजेश कुमार शर्मा शादी समारोह से लौट रहे थे. इस दौरान तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद वह काफी देर तक सड़क पर ही पड़े रहे, जिससे उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंत में उनकी मौत हो गई.
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
घटना के बाद परिजनों ने सिर पर गंभीर चोट के निशान के आधार पर हत्या की आशंका जताई थी. परिजनों के बयान पर सदर थाना पुलिस सभी पहलुओं पर जांच की. इसी क्रम में घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें पूरी घटना स्पष्ट हो गई कि सड़क हादसे में उनकी जान गई है.
किसी आपराधिक साजिश की पुष्टि नहीं
थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अवधेश सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि राजेश शर्मा वाहन के टक्कर से असंतुलित होकर सड़क पर गिरे और उसी दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी. प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है. फिलहाल किसी आपराधिक साजिश की पुष्टि नहीं हुई है.
विधायक नेप्रशासन से की पीड़ित परिवार कोसहायता देने की मांग
वहीं, घटना के बाद स्थानीय विधायक जनार्दन पासवान ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता देने की मांग की है. वहीं, परिजनों ने मृतक के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने के साथ-साथ शहर में तेज रफ्तार और बेकाबू वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.