Live

चतरा

टीएसपीसी का एरिया कमांडर लखन गंझू गिरफ्तार,पुलिसकर्मियों की हत्याकांड में था शामिल

A
archana singhलेखक

चतरा: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु उर्फ लखन गंझू को चतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार वह अपने गांव पारामातु में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे घर से गिरफ्तार कर लिया.

इस संबंध में एसपी अनिमेष नैथानी ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को 16 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु उर्फ लखन गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गांव पारामातु आने वाला है. इसी सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया.

एसआईटी ने सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव में छापेमारी की और लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार उग्रवादी लंबे समय से फरार चल रहा था.

एसपी ने बताया कि लक्ष्मण गंझू टीएसपीसी संगठन में काफी सक्रिय था. वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर हमले की साजिश में वह शामिल था. इस घटना में दो पुलिस जवान शहीद हो गए थे. उक्त मामले में लक्ष्मण गंझू की तलाश लंबे समय से की जा रही थी. गिरफ्तार नक्सली के विरुद्ध पूर्व से कई मामले दर्ज है.

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वशिष्ठनगर थाना और सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं. इन मामलों में आर्म्स एक्ट, यूएपीए, सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है. अभियान में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि विधायक प्रसाद यादव तथा लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें