Hindi News / लूट की बड़ी वारदात नाकाम,चार अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार,हथियार बरामद

चतरा : लूट की बड़ी वारदात नाकाम,चार अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार,हथियार बरामद

Edited By:  |
chatra

चतरा: बड़ी लूट की वारदात की फिराक में जुटे चार अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हथियार और कारतूस के साथ चार अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार अपराधी हंटरगंज क्षेत्र में किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी आपराधिक घटना होने से पहले टल गई. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, एक कट्टा एवं चार कारतूस बरामद किए हैं.

किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की थी योजना

इस संबंध में चतरा पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हंटरगंज थाना क्षेत्र में एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.

भागने के क्रम में चारों अपराधियों की घेराबंदी कर हुई गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन व हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हंटरगंज प्रखंड के डुमरिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में छापेमारी की. पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए चारों अपराधियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर पुलिस अन्य आपराधिक गतिविधियों और इनके नेटवर्क की जांच कर रही है.

आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस

एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सभी आरोपी किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे. पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों से इनके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।