Live

रद्द हो सकती BSSC परीक्षा !

आयोग ने मांगा सबूत, कहा- पेपरलीक का प्रमाण है तो भेजिए जल्दी

A
Anurag Goelलेखक

PATNA :बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की तृतीय स्नातक स्तरीय संयुक्त (प्रारम्भिक ) प्रतियोगिता परीक्षा 2022 रद्द हो सकती है। आयोग को अगर पुख्ता सबूत मिले तो वह आगे की कार्रवाई कर सकती है। इसके लिए BSSC ने साक्ष्य की मांग की है। आपको बता दें कि पहले दिन की पहली पाली की परीक्षा में पेपर लीक के सबूत पाए जाने के बाद उसे रद्द कर दिया गया था लेकिन अभ्यर्थियों के द्वारा पूरी परीक्षा रद्द करने की मांग की जा रही है।

BSSC की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि तृतीय स्नातक स्तरीय संयुक्त (प्रारम्भिक ) प्रतियोगिता परीक्षा 2022 द्वितीय एवं तृतीय चरण की परीक्षा के प्रश्न पत्रों के लीक होने की भी अफवाहे संज्ञान में आ रही हैं। इस परीक्षा से संबंधित परीक्षार्थियों एवं आम लोगों से अनुरोध है कि उक्त परीक्षा के द्वितीय एवं तृतीय चरण के प्रश्न पत्रों के लीक होने के संबंध में जिस किसी के पास भी प्रमाण / सक्ष्य उपलब्ध हो तो उन्हें बिहार कर्मचारी चयन आयोग, पटना को अपने पूर्ण पत्ता, मोबाईल नं० सहित देते हुए आयोग के ई-मेल आई०डी० secybssc@gmail.com पर या पंजीकृत डाक द्वारा तीन दिनों के अंदर भेज सकते हैं, ताकि उसकी सूक्ष्मता एवं गहराई से जांच कर आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।

साथ ही आयोग की तरफ से कहा गया है कि उक्त सूचना प्रमाण सहित आर्थिक अपराध इकाई (EOU) बिहार पटना को भी भेजी जा सकती है ताकि आर्थिक अपराध इकाई द्वारा इसकी जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा सके। BSSC की तरफ से कहा गया है कि कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा अपने स्वार्थ सिद्धि के लिए उक्त परीक्षा के संबंध में कई भ्रामक अफवाह फैलाई जा रही हैं। ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाय और किसी के बहकावे में न आयें।

बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) के द्वारा जारी प्रेस नोट में अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाते हुए कहा गया है कि आश्वस्त किया जाता है कि परीक्षा की सुचिता एवं स्वच्छता तथा अभ्यर्थियों का हित आयोग के लिए सर्वोपरि है और इसे सुनिश्चित करना आयोग का मुख्य दायित्व है। प्रेस नोट के जरिए आयोग ने जो बातें कहीं है उसके मुताबिक पेपर लीक की खबरें महज अफवाह हैं। आयोग का मानना है कि ऐसा केवल भ्रम फैलाया जा रहा है। लेकिन आयोग ने तीन दिनों का समय दिया है अगर इस बीच पेपर लीक संबंधित कोई पुख्ता सबूत मिलता है तो आगे परीक्षा को रद्द किया जाना भी संभव है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें