बोकारो पुलिस का अमानवीय चेहरा
पूर्व पार्षद रमाशंकर सिंह की बेरहमी से की पिटाई,विधायक श्वेता सिंह ने की कड़ी निंदा
बोकारो:पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है. पूर्व पार्षद रमाशंकर सिंह की पुलिस में बेरहमी से पिटाई की है. पुलिस ने उन्हें बुरी तरह से मारकर जख्मी कर दिया है. थाने में मिलने गए उसके एक समर्थक को भी पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है. दरअसल,3 फरवरी को निकाय चुनाव के मतदान के दिन चास थाना क्षेत्र के वार्ड-32 के मतदान केंद्र में गलत तरीके से वोटिंग करने का पार्षद प्रत्याशी रेखा देवी के पति पूर्व पार्षद रामशंकर ने विरोध किया था. इसी दौरान पुलिस से नोंक-झोंक भी हुई थी. इस विवाद में चासएसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह घायल हो गए थे. उनके घायल होने के बाद पुलिस ने पूर्व पार्षद रमाशंकर सिंह को हिरासत में लेकर बर्बरतापूर्वक पिटाई कर दी.
'एक जनसेवक का पिटाई करना निंदनीय'
आज जब पीड़ित रमाशंकर को न्यायालय में पेश किया गया तो वह चलने में असमर्थ नजर आए. इस बर्बरतापूर्ण पीटाई का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो सामने आने के बाद बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक जनसेवक का इस तरह से पिटाई करना निंदनीय है. इस मामले को विधानसभा में उठाने का काम करेंगे. विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि कुछ दिन पूर्व एक अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया और दामाद की तरह जनता के बीच पेश किया और एक जनसेवक जिसने 10 साल तक अपने वार्ड की सेवा की उसके साथ अपराधियों जैसा सलूक किया गया. इस घटना की मैं कड़ी निंदा करती हूं. जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. लेकिन, इस तरह की पिटाई कहीं से भी मानवता के लिए ठीक नहीं है.
शरीर पर जगह जख्म के कईनिशान
वहीं, घटना के दिन थाने में मिलने गए सरदार कॉलोनी के निवासी सोनू कुमार को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का काम किया. उसके शरीर पर कई जगह जख्म के निशान है. सोनू का कहना है कि जब मैं उनसे मिलने गया तो पुलिस ने मुझे दौड़ा कर पीटा. वहीं, पार्षद की उम्मीदवार रेखा देवी ने कहा कि आज जब न्यायालय में उन्हें देखा तो लगा कि उनके साथ बहुत गलत हुआ है. वह खुद से चल भी नहीं पा रहे हैं सहारा देकर उन्हें जेल भेजा जा रहा है. उन्होंनेपुलिस पर एक तरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।