बोकारो में NEET परीक्षा : डीसी-एसपी ने लिया जायजा,परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट,पुलिस बल की विशेष तैनाती
बोकारो: देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET रविवार को जिले में कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच हो रही है. जिले के सभी 8 परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई.परीक्षा शुरू होने से पहले जिला उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की. दोनों अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पहलुओं का जायजा भी लिया.
निरीक्षण के दौरान डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि NEET को लेकर परीक्षार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जा रही है और परीक्षा संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है.
वहीं, एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि जिले के सभी 8 केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए है. मोबाइल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को पहले से ही आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है,ताकि जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की चूक न हो. उन्होंने कहा कि दोपहर 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और कंट्रोल रूम से पूरे जिले की गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जा रही है.
प्रशासन का कहना है कि तैयारियों और सख्त निगरानी के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न होने की पूरी उम्मीद है.