बोकारो : प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती,घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
बोकारो:जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब ललपनिया पंचायत के तिलैया गांव की रहने वाली सोनी कुमारी मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी. काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया.
जानकारी के अनुसार, सोनी कुमारी का कहना है कि जब तक उसके प्रेमी को जेल से रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी. उसकी इस जिद के कारण मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
बताया जा रहा है कि युवती का प्रेमी किसी मामले में तेनुघाट जेल में बंद है. प्रेमी की रिहाई और उससे शादी कराने की मांग को लेकर युवती ने यह कदम उठाया है. पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.