बोकारो में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन : डीसी-एसपी ने परेड का किया निरीक्षण,डीसी ने ध्वजारोहण कर पूरी तैयारी का लिया जायजा
बोकारो: जिले के सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आज जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया. रिहर्सल के दौरान डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली. वहीं,डीसी ने ध्वजारोहण कर समारोह की पूरी प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया.
इस दौरान बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे जिले में ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत होगा. इसके बाद राष्ट्रगान होगा और कार्यक्रम की समाप्ति के बाद भी राष्ट्रीय गीत का गायन किया जाएगा. इसे लेकर पूरे जिले के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
वहीं, एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर परेड की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रिहर्सल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी त्रुटियों को लेकर जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर जिले के लॉज, होटल और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है.