बोकारो में अपहरण की कोशिश नाकाम : थाने से 100 मीटर की दूरी पर घटना,अपराधियों के चंगुल से छात्र ने बचाई जान
बोकारो:जिले के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्रमें दसवीं के छात्र के अपहरण की कोशिश नाकाम हो गई. हैरान करने वाली बात ये है कि घटना थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई है. छात्र ने किसी तरह अपराधियों के चंगुल से खुद को छुड़ाया. काला पत्थर नगर निगम सोसाईटी के निवासी संजीव कुमार सिन्हा ने अपने बेटे सर्वज्ञ सिन्हा के अपहरण की कोशिश का मामला दर्ज कराया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
थाने के इतने करीब इस तरह की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
दसवीं के छात्र सर्वज्ञ सिन्हा मंगलवार शाम ट्यूशन के लिए दारकु नगर,चास गया था. ट्यूशन खत्म कर वह ऑटो से घर लौट रहा था. जैसे ही वह चास मुफ्फसिल थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर ऑटो से उतरा और घर की ओर बढ़ा, तभी काले रंग की स्कॉर्पियो बच्चे के पास आकर रूक गई. गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने छात्र को जबरन अंदर बैठाने की कोशिश की, लेकिन छात्र ने हिम्मत दिखाई चंगुल से छूटकर घर की ओर भाग निकला.
पीड़ित छात्र का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने उसे पकड़कर गाड़ी में खींचने की कोशिश की और इंजेक्शन लगाने का भी प्रयास किया. शोर मचाने और भागने पर आरोपी मौके से फरार हो गया.
घर पहुंचकर छात्र ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद तुरंत 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई और थाने में मामला दर्ज कराया.
पीड़ित छात्र के पिता संजीव कुमार सिन्हा एक चार पहिया वाहन शोरूम में काम करते हैं और अपने परिवार के साथ काला पत्थर नगर निगम सोसायटी में रहते हैं, जो थाना के ठीक पीछे स्थित है.