बोकारो में बिजली व्यवस्था मजबूत करने पर जोर : पावर सब स्टेशन और टीआरडब्ल्यू निर्माण कार्य की शुरूआत
बोकारो: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बिजली व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है. लंबित पड़ी योजनाएं फिर से गति पकड़ रही हैं. चास ग्रामीण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कालापत्थर में नए पावर सब स्टेशन और टीआरडब्ल्यू के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है.
भूमि पूजन के साथ कालापत्थर में जमीन समतलीकरण का काम शुरू हो गया है.विभागीय अधिकारियों के अनुसार,अगले 6 महीने के अंदर परियोजना पूरी कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके बाद चास शहर और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति और अधिक सुचारू व बेहतर होने की उम्मीद है. नए सब स्टेशन के शुरू होने से कालापत्थर, भतुआ, पुपुनकी, कुम्हारी सहित अन्य गांवों में बिना रुकावट बिजली पहुंचाने की योजना है.
इस मौके पर बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता एसबी तिवारी उपस्थित रहे. उन्होंने बताया कि यह परियोजना लंबे समय से लंबित थी,लेकिन अब जिला प्रशासन के सहयोग से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. एसबीतिवारी ने कहा कि चास ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस योजना को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है. जिला उपायुक्त के निर्देश पर निर्माण प्रक्रिया को गति दी गई है और 6 महीने के अंदर सब स्टेशन तैयार होने की उम्मीद है.
जानकारी के अनुसार, चास क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से आईटीआई मोड़ में पावर ग्रिड तथा आदर्श कॉलोनी और कालापत्थर में एक-एक सब स्टेशन निर्माण की योजना स्वीकृत की गई है. इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है.
नए सब स्टेशन बनने के बाद चास शहर और ग्रामीण इलाकों में लोड शेडिंग की समस्या में कमी आने की संभावना है. साथ ही बार-बार होने वाली बिजली कटौती से लोगों को राहत मिलेगी. फिलहाल जैनामोड़ और बरमसिया पावर ग्रिड से बिजली आपूर्ति पर निर्भरता के कारण उपभोक्ताओं को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है.
फिलहाल कालापत्थर में शुरू हुआ यह निर्माण कार्य चास क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाली परियोजना के रूप में देखा जा रहा है.