बोकारो में बंद का मिला-जुला असर : बीजेपी नेताओं ने कहा-छात्रों के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार नहीं की जाएगी बर्दाश्त
बोकारो: विधानसभा मार्च के दौरान रांची में छात्रों पर किए गए कथित बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को बीजेपी ने झारखंड बंद का आह्वान किया है. बोकारो में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला. बोकारो के नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया. इस दौरान व्यावसायिक वाहनों को पूरी तरह रोक दिया गया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.
बीजेपी नेताओं ने कहा कि छात्रों के साथ इस तरह का बर्ताव भारतीय जनता पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी. बीजेपी छात्र हित में उनके साथ खड़ी है,क्योंकि छात्र देश के भविष्य हैं. वहीं,नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी सिर्फ सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं. बीजेपी नेताओं ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में छात्रों के साथ खड़े हैं तो उन्हें सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए.
वहीं,बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि बंद के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और सड़क पर बाधित आवागमन को जल्द सुचारू कराया जाएगा.