Hindi News / सरकार से शव को स्वदेश लाने की मांग और परिवार को आर्थिक सहायता...

बोकारो के मजदूर की सऊदी में मौत : सरकार से शव को स्वदेश लाने की मांग और परिवार को आर्थिक सहायता देने की गुहार

Edited By:  |
bokaro k mazdoor ka saudi arab mein mout

बोकारो:रोजगार की तलाश में विदेश गए झारखंड के प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के केतवारी गांव निवासी 41 वर्षीय सत्येंद्र महतो की सऊदी अरब में सड़क हादसे में मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. परिजनों ने भारत सरकार और राज्य सरकार से शव को जल्द स्वदेश लाने और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है.

सड़क दुर्घटना में हुई मौत,परिवार में मातम

मृतक सत्येंद्र महतो 26 नवंबर 2024 को रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे और वहां हमद सालेह अल-काफ कॉन्ट्रैक्टिंग एस्टैब्लिशमेंट में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे. 25 जून की रात सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी.हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.

आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग

सत्येंद्र अपने पीछे एक बेटी प्रीति कुमारी और दो बेटे अरविंद कुमार तथा मंगेश कुमार को छोड़ गए हैं. परिवार ने सरकार से शव को जल्द भारत लाने और आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है.

झारखंड के मजदूर लगातार हो रहे हादसों का शिकार

प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश में विदेश और दूसरे राज्यों में जाने वाले झारखंड के मजदूर लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं. उन्होंने सरकार से राज्य में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि मजदूरों का पलायन रुके और ऐसे हादसों में कमी आए.