बोकारो : JMM जिला अध्यक्ष पर बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने का आरोप,पहली पत्नी पहुंचीं SP दफ्तर
बोकारो:झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी पर गंभीर आरोप लगा है. ये आरोप कोई और नहीं बल्कि उनकी पत्नी ने लगाया है. पहली पत्नी गुलाबी देवी ने बताया कि बिना तलाक दिए उन्होंने दूसरी शादी कर ली है. यह मामला अब थाना तक पहुंच चुका है.
पहली पत्नी गुलाबी देवी अपनी बेटी आरती कुमारी के साथ एसपी आवास पहुंचीं और मीडिया के सामने न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को होने वाली शादी की जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई.पत्नी और बेटी का कहना है कि शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद अब यह साफ हो गया है कि रतनलाल मांझी ने दूसरी शादी कर ली है. जबकि, अब तक कोर्ट से तलाक का कोई फैसला नहीं आया है.
गुलाबी देवी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति ने उनके चरित्र पर सवाल उठाए, जिससे समाज में उनकी बदनामी हुई है. उन्होंने कहा कि 2019 से दोनों अलग रह रहे हैं, लेकिन बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए दूसरी शादी करना कानूनन गलत है.
परिवार की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि अब उनके और उनके बच्चों का भविष्य अधर में है.गौरतलब है कि इससे पहले आरोप लगने पर रतनलाल मांझी ने शादी से इनकार किया था, लेकिन अब तस्वीरें सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है.