Hindi News / दुबई में प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत,मारपीट कर हत्या का आरोप,शव को भारत...

बोकारो : दुबई में प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत,मारपीट कर हत्या का आरोप,शव को भारत लाने की मांग

Edited By:  |
bokaro

बोकारो: जिले से एक दुखद खबर सामने आ रही है. जहां काम की तलाश में दुबई गए एक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिजनों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है. घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.

मामला चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के बड़कीसीधावारा पंचायत का है. 42 वर्षीय मनोज महतो 8 मार्च को रोजगार के लिए दुबई गए थे. परिवार के अनुसार, उन्हें वहां न तो पर्याप्त भोजन दिया जा रहा था और न ही ठीक से रहने की व्यवस्था थी.मृतक की पत्नी कौशल्या देवी ने आरोप लगाया है कि काम नहीं करने पर उनके पति के साथ मारपीट की जाती थी. परिजनों का कहना है कि इसी मारपीट के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान चली गई.

मनोज महतो दुबई की एक कंक्रीटिंग कंपनी में काम करते थे. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है.इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है. प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने कहा कि विदेशों में मजदूरों के शोषण और मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है.

उन्होंने सरकार से मांग की है कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं, ताकि लोगों को मजबूरी में पलायन न करना पड़े.फिलहाल, परिजन सरकार से मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई के साथ-साथ मृतक के शव को भारत लाने की मांग कर रहे हैं.