बोकारो : सेक्टर-6 के शास्त्री चौक से तेलमच्चो तक जाने वाली सड़क होगी फोरलेन,सांसद-विधायक ने किया शिलान्यास
बोकारो:जिले के लोगों के लिए बेहद अच्छी खबर है. सेक्टर-6 के शास्त्री चौक से तेलमच्चो तक जाने वाली सड़क अब फोरलेन होगी. केंद्र सरकार की CRIF योजना के तहत करीब 5.965 किलोमीटर लंबी सड़क के फोरलेन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. इस सड़क के निर्माण पर करीब 56 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. शिलान्यास कार्यक्रम में धनबाद के बीजेपी सांसद ढुल्लू महतो और बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह मौजूद रहीं.
शिलान्यास के मौके पर सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि सड़क का निर्माण केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई राशि से किया जा रहा है. जिसमें राज्य सरकार का भी सहयोग है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केंद्र सरकार की ओर से बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया जाएगा.
वहीं,बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए वह लंबे समय से प्रयासरत थी और अब उनके प्रयास को सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि सड़क बनने से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी.
लंबे समय से जर्जर पड़ी सेक्टर-6 शास्त्री चौक से तेलमच्चो तक की सड़क से गुजरने वाले लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. सड़क के फोरलेन बन जाने के बाद यातायात सुगम होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
करीब 5.965 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 56 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी. दावा है कि सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद बोकारो से रांची की दूरी करीब 15 किलोमीटर तक कम हो जाएगी.फिलहाल,सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.