बोकारो : सैकड़ों विस्थापितों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी मां,न्याय दिलाने की मांग
बोकारो: शहीद प्रेम महतो की मां विस्थापितों के साथ बेटे को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अब सड़क पर उतर आई हैं. बेटे को न्याय दिलाने को लेकर आज से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई है. प्रेम की मां बोकारो स्टील के एडीएम बिल्डिंग के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठी हुई है. बता दें कि 3 अप्रैल 2025 को नियोजन की मांग के दौरान पुलिस की लाठीचार्ज में प्रेम महतो की मौत हो गई थी.
मृतक प्रेम की मां गोमती देवी ने बताया कि बेटे को न्याय दिलाने की मांग कर रही हैं. प्रबंधन ने मेरे बेटे की प्रतिमा लगाने के लिए सेक्टर चार से नयामोड़ के बीच 20 डिसमिल जमीन देने की बात कही थी. इसके साथ परिजनों को नियोजन और 1500 अप्रेंटिस को बहाल करने की बात कही थी. लेकिन,लगभग एक वर्ष होने को है इस पर प्रबंधन ने किसी प्रकार का कोई कदम नहीं उठाया. आज इस आंदोलन के माध्यम से सभी प्रेम की मां बनकर आए हैं. जब तक हमारी मांगों को मनी नहीं जाती है तब तक हम लोग यहां बैठे रहेंगे.
वहीं, इस आंदोलन में शामिल विस्थापित नेता अजय महतो ने बताया कि हम लोग प्रेम महतो को न्याय दिलाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं. सांसद,विधायक, डीसी बोकारो स्टील के प्रतिनिधि सभी के पास गए, लेकिन न्याय नहीं मिला. उन्होंने कहा कि हम लोगों को जमीन 20 डेसिमल मिले, ताकि हम लोग 3 अप्रैल को शहादत दिवस के दिन प्रतिमा का अनावरण कर सके. हम लोगों ने जमीन इसलिए नहीं दिया था कि हम लोग दर-दर ठोकर खाकर जान दे. लेकिन, अब हम लोगों का धैर्य जवाब दे रहा है.