बोकारो : महिला पुलिसकर्मियों ने चलाया एंटी चेकिंग अभियान,महिला चालक हुई सम्मानित
बोकारो: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बोकारो पुलिस ने नारी शक्ति का अनोखे अंदाज में संदेश दिया. इस मौके पर महिला पुलिसकर्मियों ने विशेष अभियान चलाया. बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिस कर्मियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों की जांच की और लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया.
महिला पुलिसकर्मियों ने नया मोड़ चेक पोस्ट सहित कई प्रमुख जगहों पर वाहनों की सघन जांच की. इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों की जांच की गई और नियम तोड़ने वालों को चेतावनी दी गई. वहीं, हेलमेट पहनकर सुरक्षित वाहन चलाने वाली महिलाओं को महिला पुलिसकर्मियों द्वारा सम्मानित भी किया गया.
इस मौके पर बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी. उन्होंने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों को आगे रखकर यह विशेष जांच अभियान चलाया गया है, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त और सक्षम हैं.