Hindi News / ट्रेजरी से 20 माह में एक दारोगा के वेतन मद में 3.15 करोड़...

बोकारो : ट्रेजरी से 20 माह में एक दारोगा के वेतन मद में 3.15 करोड़ की निकासी का मामला

Edited By:  |
bokaro

बोकारो:झारखंड में सरकारी खजाने से वेतन मद में करोड़ों की अवैध निकासी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बोकारो ट्रेजरी से एक सब इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के वेतन से 20 माह में 3.15 करोड़ रूपए निकाल लिए गए है. प्रधान महालेखाकार (पीएजी) चंद्रमौली सिंह द्वारा वित्त सचिव प्रशांत कुमार को भेजी गई गोपनीय रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है. ट्रेजरी के निरीक्षण के बाद पीएजी ने सरकार को यह रिपोर्ट भेजी है.

आमतौर पर एक पुलिस सब इंस्पेक्टर को करीब एक लाख रुपए वेतन मिलता है. लेकिन, उपेंद्र सिंह के वेतन मद में मई 2024 से दिसंबर 2025 तक जो निकासी हुई है उसके अनुसार वेतन 15 लाख रुपए प्रति महीने से ज्यादा है. खास बात यह है कि 3.15 करोड़ की निकासी पर जीपीएफ मद में सिर्फ 61,668 रुपए की कटौती की गई है. वहीं, आयकर और टीडीएस मद में कोई कटौती नहीं की गई है. सिस्टम में पुलिस सब इंस्पेक्टर का पे लेवल 7वां सीपीसी के लेवल-18 के बराबर दिखाया गया है, जो कि संभव नहीं है.

रिपोर्ट के अनुसार ट्रेजरी इंस्पेक्शन और डेटा एनालिसिस के दौरान पेरोल प्रोसेसिंग, पे एंटाइटलमेंट और वैलिडेशन में बड़े पैमाने पर कंट्रोल गैप पाए गए हैं. बोकारो के अलावा अन्य ट्रेजरी में भी कुछ मामलों में दो बार वेतन निकाले जाने की भी आशंका है. एक ही अवधि का भुगतान एक से अधिक बार किया गया है. इस मामले को लेकर जब ट्रेजरी ऑफिसर गुलाब चंद्र उरांव से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया और कहा कि इसकी जांच की जा रही है.

मामले को लेकर बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि रिकॉर्ड के अवलोकन से कहीं भी गड़बड़ी सामने नहीं आई है. फरवरी महीने में ऑडिट भी कराई गई थी. ऑडिट में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है. गड़बड़ी किस स्तर से हुई है जो मीडिया में आई है यह जांच का विषय है. इस नाम का व्यक्ति 2016 में ही बोकारो से रिटायर्ड हो चुका है.अन्य जो लोग इस नाम के हैं उनके भी अकाउंट की जांच की गई तो किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई.