बोकारो : उत्क्रमित विद्यालय कमलडीह में नहीं मिल रही MDM की राशि, DSE ने किया इनकार,विभाग और विद्यालय प्रबंधन आमने-सामने
बोकारो: जिले के सरकारी विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाला मध्यान भोजन यानी मिड डे मील बंद होने का मामला सामने आया है. चास नगर निगम क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कमलडीह में मिड डे मील बंद होने की जानकारी सामने आई. स्कूल में सूचना बोर्ड पर 11 अगस्त से मध्यान भोजन बंद होने की सूचना लिखी गई है.बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से राशि उपलब्ध नहीं कराया गया है. इसका असर स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं पर भी पड़ रहा है. बच्चे स्कूल से घर जाकर खाना खाने को मजबूर हैं.
हालांकि,जब इस मामले में बोकारो के जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल चौबे से बातचीत की गई तो उन्होंने मिड डे मील बंद होने की बात से साफ इनकार किया. उनका कहना है कि सभी विद्यालयों को राशि उपलब्ध करा दी गई है.
ऐसे में अब सवाल उठता है कि आखिर सही कौन बोल रहा है? स्कूल में बच्चों को मिड डे मील बंद होने की जानकारी क्यों दी गई और अगर राशि उपलब्ध करा दी गई है तो भोजन क्यों नहीं मिल रहा?अब इस मामले में विभाग और विद्यालय प्रबंधन के दावे आमने-सामने हैं.
एक तरफ स्कूल में मिड डे मील बंद होने की सूचना, दूसरी तरफ शिक्षा विभाग का दावा कि राशि उपलब्ध करा दी गई है.अब देखना होगा कि इस पूरे मामले की हकीकत क्या है और आखिर बच्चों को मध्यान भोजन क्यों नहीं मिल रहा.