बोकारो : तेल टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा, लगी आग, बाल-बाल बचे लोग
बोकारो:जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गवाई नदी पुल के बीचों-बीच एक तेल से लदा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और अचानक आग लग गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. राहत की बात ये है किइस हादसे में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है.
बताया जा रहा है कि एक ऑटो को बचाने के चक्कर में16 चक्का तेल टैंकर एनएच-32 पर गवाई पुल के पास पलट गया,जिसके बाद उसमें आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें तेज से फैल गई. सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई.
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने एनएच-32 पर दोनों ओर से कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी थी. गवाई पुल से करीब आधा किलोमीटर पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों और वाहनों को रोक दिया, ताकि कोई बड़ी दुर्घटना ना हो सके. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी.