Live

BJP से अब मोकामा सीट दूर नहीं !

RJD को दिलायी तारापुर-कुशेश्वरस्थान की याद, कहा- अनंत सिंह का जलवा भी फीका

A
Anurag Goelलेखक

PATNA : गोपालगंज और मोकामा विधानसभा उपचुनाव परिणाम से उत्साहित बीजेपी ने आरजेडी पर सियासी हमला बोला है। बीजेपी ने उन्हें तारापुर और कुशेश्वर स्थान विधानसभा उपचुनाव की याद दिलाय़ी है। वहीं मोकामा में हार के बावजूद जिस तरह से आंकड़ें बदले हैं उससे बीजेपी उत्साहित नजर आ रही है। पार्टी ने साफ तौर पर कहा कि मोकामा में भविष्य के जीत की नींव रख दी गयी है।

बीजेपी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार बीजेपी प्रवक्ता डॉ. निखिल आनंद ने कहा है कि गोपालगंज से हार के बाद आरजेडी ने जरुर तारापुर और कुशेश्वरस्थान को भी याद किया होगा जब लालू प्रसाद ने हेलीकॉप्टर से प्रचार किया था और उपचुनाव हार गए थे। गोपालगंज लालू प्रसाद यादव , राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव का पुश्तैनी घर है लेकिन सीएम नीतीश कुमार के समर्थन के साथ-साथ महागठबंधन के हथकंडे और तकनीक के बावजूद बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की है। आरजेडी ने वैश्य समुदाय से उम्मीदवार दिया था और बीजेपी को घेरने की कोशिश की थी लेकिन वे असफल रहे। बीजेपी ने अपने कार्यकर्ताओं बल पर महागठबंधन के खिलाफ लड़कर लोकप्रिय नेता सुभाष सिंह जी को श्रद्धांजलि दी है।

निखिल आनंद ने आगे कहा कि मोकामा में बीजेपी ने पिछले दो दशकों में पहली बार चुनाव लड़ा और शानदार प्रदर्शन किया। पहले अनंत सिंह 30- 35 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीत जाते थे। इस बार मोकामा में 17 हजार का अंतर है। नीतीश कुमार से अलग होने के बाद अब बीजेपी कार्यकर्ता ज्यादा बेहतर महसूस कर रहे हैं और हम मोकामा में बीजेपी का संगठन मजबूत कर अगले विधानसभा चुनाव में 17 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीतेंगे।

निखिल आनंद ने आरजेडी पर गोपालगंज की हार के बाद बहाने बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हैरानी की बात यह है कि गोपालगंज के गढ़ ही नहीं घर में हारने के बाद आरजेडी अपना चेहरा बचाने के लिए अनेक तरह के खोखले बहाने ढूंढ रही है। गोपालगंज एवं मोकामा दोनों जगहों पर शानदार चुनाव लड़ने के लिए सभी बीजेपी नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों को हार्दिक धन्यवाद।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें