Hindi News / धनबाद में फिर बड़ा भूं-धसान,छाताबाद में कई घर जमींदोज, 12 से ज्यादा घायल

BIG BREAKING : धनबाद में फिर बड़ा भूं-धसान,छाताबाद में कई घर जमींदोज, 12 से ज्यादा घायल

Edited By:  |
big breaking

धनबाद:जिले में एक बार फिर भू-धंसान की बड़ी घटना सामने आई है। कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में अचानक हुए भू-धंसान से एक दर्जन से अधिक घर जमींदोज हो गए। एक-दो मंजिला मकान भी देखते ही देखते जमीन में समा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घरों और जमीन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद बीसीसीएल और जिला प्रशासन के खिलाफ लोगों का भारी आक्रोश देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खदान में ब्लास्टिंग के कुछ ही देर बाद जमीन में तेज कंपन महसूस हुआ और देखते ही देखते बड़े क्षेत्र में जमीन फटने लगी। कई मकान अचानक धंस गए,जिससे लोगों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए लोग घरों से बाहर भागने लगे।

स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे और धंसे हुए घरों से लोगों को बाहर निकाला। हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बीसीसीएल और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि खदान में लगातार की जा रही ब्लास्टिंग और भूमिगत खनन के कारण इलाके में यह हादसा हुआ है। लोगों ने बीसीसीएल और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की है।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन पूरे इलाके का आकलन कर रहा है कि भू-धसान का दायरा कितना बड़ा है और कितने घर इसकी चपेट में आए हैं। इस घटना ने एक बार फिर धनबाद के खनन प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।