Live

BIG BREAKING

दलमा में पुलिस-सीआरपीएफ का बड़ा ऑपरेशन,22 लाख के 3 इनामी नक्सली गिरफ्तार, AK-47 बरामद

A
archana singhलेखक

सरायकेला: कोल्हान में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में झारखंड पुलिस, CRPF, कोबरा, झारखंड जगुआर और SSB को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सुरक्षाबलों ने सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष अभियान चलाकर 22 लाख के इनामी 3 हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है.

कुकड़ू हाट हत्याकांड में शामिल था सागर सिंह

गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख के इनामी जोनल कमांडर मदन महतो 5 लाख के इनामी सागर सिंह उर्फ रवि सरदार और उसकी पत्नी 2 लाख की इनामी मीणा पहाड़िया शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 1 AK-47 राइफल, 1 पिस्टल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।

एसपी मनोज स्वर्गीयर ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

गुरुवार को जिला पुलिस मुख्यालय में एसपी मनोज स्वर्गीयर ने बताया कि गुप्त सूचना पर सबसे पहले कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर से सागर सिंह उर्फ रवि सरदार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा में छापेमारी कर मदन महतो और मीणा पहाड़िया को पकड़ा गया। अभियान में कांड्रा, चांडिल और नीमडीह थाना प्रभारी की अहम भूमिका रही।

कुकड़ू हाट हत्याकांड में शामिल था सागर

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सागर सिंह वर्ष 2019 में कुकड़ू हाट बाजार में दिनदहाड़े 5 पुलिसकर्मियों की हत्या की घटना में भी शामिल था। वह किशोरावस्था से ही नक्सल संगठन से जुड़ा था। नीमडीह थाना क्षेत्र के टेंगाडीह गांव, बेनाडीह टोला का रहने वाला सागर वर्षों तक कोल्हान में संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रहा।

मीणा पहाड़िया पश्चिम बंगाल के बलरामपुर की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार संगठन में साथ रहने के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और बाद में शादी कर ली।

सारंडा से दलमा पहुंचे थे नक्सली

पुलिस के मुताबिक, पश्चिम सिंहभूम के सारंडा जंगल में लगातार अभियान के बाद सागर सिंह और असीम मंडल का दस्ता दलमा क्षेत्र में आकर छिप गया था। दलमा सेंचुरी लंबे समय से नक्सलियों का अड्डा रही है। स्व० कोटेश्वर राव उर्फ किशन जी के समय कोंकादासा के बीहड़ों में नक्सली कैम्प चलाकर माओवादियों को प्रशिक्षण दिया जाता था।पिछले 15-20 दिनों से पुलिस ने गश्त बढ़ा दी थी। इसी दौरान सटीक सूचना पर कार्रवाई कर तीनों को गिरफ्तार किया गया।

कोल्हान नेटवर्क को बड़ा झटका

एसपी ने कहा कि प्राथमिक पूछताछ में नक्सली नेटवर्क, हथियार सप्लाई, फंडिंग और सहयोगियों के अहम सुराग मिले हैं। यह गिरफ्तारी सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम और पूरे कोल्हान में सक्रिय नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है। सुरक्षा बलों का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें