Hindi News / जुलाई में शुरू होगी TRE-4 भर्ती प्रक्रिया, जून तक निपटेंगे शिक्षकों के ट्रांसफर

शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान : जुलाई में शुरू होगी TRE-4 भर्ती प्रक्रिया, जून तक निपटेंगे शिक्षकों के ट्रांसफर

Edited By:  |
Big announcement by Education Minister

गोपालगंज- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षक अभ्यर्थियों और कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में TRE-4 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार ने निर्णय ले लिया है और इसकी तैयारी अंतिम चरण में है। जुलाई महीने में BPSC को अधियाचन भेज दिया जाएगा, जिसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। समाहरणालय परिसर में आयोजित बीस सूत्री समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे शिक्षा मंत्री ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है।

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जून महीने के अंत तक ट्रांसफर से जुड़े सभी मामलों का निपटारा कर दिया जाएगा। राज्य सरकार शिक्षकों को राहत देने के उद्देश्य से स्थानांतरण नीति को अधिक सुविधाजनक बना रही है।उन्होंने बताया कि महिला शिक्षकों को उनके नजदीकी पंचायतों में पदस्थापित करने की व्यवस्था की जा रही है, जबकि पुरुष शिक्षकों को उनके गृह जिले में नियुक्ति देने की दिशा में काम चल रहा है।

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसी भी शिक्षक को दूसरे जिले में कार्यरत न रहना पड़े। नई व्यवस्था के तहत शिक्षकों की पोस्टिंग उनके अपने जिले में सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।उन्होंने विश्वास जताया कि नई भर्ती प्रक्रिया और संशोधित स्थानांतरण नीति से शिक्षकों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।TRE-4 भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए शिक्षा मंत्री का यह बयान बड़ी राहत और उम्मीद लेकर आया है।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट