Hindi News / अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, मौके से 4 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

बेरमो पुलिस की रेड : अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, मौके से 4 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

Edited By:  |
bermo police ki raid

बेरमो: पुलिस ने सुभाष नगर स्थित सीसीएल क्वार्टर में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री का बुधवार को खुलासा किया है. STF पटना और गुप्तचर विभाग से मिली सटीक सूचना के बाद बोकारो पुलिस हरकत में आई और बेरमो थाना पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड राजकुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह फरार हो गया.पुलिस ने मौके से अर्धनिर्मित पिस्टल सहित अन्य उपकरण बरामद किए है. साथ ही 7.65 एमएम की जिंदा गोली भी जब्त की गई है.पुलिस के इस एक्शन से इलाके में सनसनी फैल गई.

हथियार बनाने का चल रहा था काला कारोबार

बताया जा रहा है कि राजकुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह के घर में अवैध हथियार बनाने का काला कारोबार चल रहा था. सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. पुलिस नेकार्रवाई के दौरान क्वार्टर को चारों तरफ से घेर लिया. जैसे ही टीम अंदर पहुंची, वहां का नजारा किसी फिल्मी गैंग फैक्ट्री से कम नहीं था. कमरे के अंदर हथियार बनाने की पूरी मशीनरी लगी हुई थी.

कई जिलों तक फैला नेटवर्क

सूत्रों की माने तो यहां तैयार होने वाले हथियार अपराधियों तक सप्लाई किए जाते थे और इसका नेटवर्क कई जिलों तक फैला हो सकता है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की बात सामने आ रही है. इस कार्रवाई के बाद पूरे बेरमो, फुसरो और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है.लोग हैरान हैं कि रिहायशी इलाके के बीचों-बीच इतने दिनों से ‘मौत की फैक्ट्री’ चल रही थी और किसी को भनक तक नहीं लगी.फिलहाल बेरमो थाना पुलिस फरार बंटी सिंह की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा.