बेरमो में बीएंडके का डबल धमाका : वित्तीय वर्ष में 83.58 लाख टन कोयला उत्पादन,आगे की रणनीति तैयार
बेरमो: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के बीएंडके क्षेत्र ने इस वित्तीय वर्ष 2025-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 83.58 लाख टन कोयला उत्पादन का आंकड़ा हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. यह अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है और क्षेत्र अपने निर्धारित 84 लाख टन के लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच गया है.
प्रेस वार्ता में महाप्रबंधक ने बताया कि विपरीत परिस्थितियों और मौसम की मार के बावजूद बीएंडके एरिया ने जज़्बा-ए-मेहनत का बेहतरीन मिशाल पेश किया है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मजदूरों की लगन, टीम वर्क और लगातार प्रयास का नतीजा है.
जीएम ने जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष डिस्पैच के मोर्चे पर भी उल्लेखनीय सफलता मिली है. वर्ष 2024-25 में जहां रेलवे रैक के माध्यम से 867 रैक डिस्पैच हुआ था, वहीं इस वर्ष यह बढ़कर 1662 रैक हो गया है, जो लगभग दोगुना बढ़ोतरी को दर्शाता है. उन्होंने आगे बताया कि आने वाले वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बीएंडके क्षेत्र को 10.2 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है. इसके लिए अभी से रणनीति तैयार की जा रही है और उत्पादन बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
कोयलांचल में इस कामयाबी को लेकर उत्साह का माहौल है. मजदूरों से लेकर अधिकारियों तक हर कोई इस उपलब्धि को अपनी मेहनत का नतीजा मान रहा है.