JHARKHAND NEWS
मधुमक्खियों ने किया हमला, दो दर्जन से ज्यादा रेल यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर
हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर मधुमक्खियों का आतंक, चार साल की बच्ची सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल
जमशेदपुर:हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक खौ़फनाक घटना घटी, जब हजारों की संख्या में मधुमक्खियों ने अचानक रेल यात्रियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें एक चार साल की बच्ची भी शामिल है। घायल यात्रियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
मधुमक्खियों के हमले से मची भगदड़, स्टेशन पर अफरा-तफरी
पोटका के हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हजारों मधुमक्खियों ने अचानक रेल यात्रियों पर हमला कर दिया। एक साथ दर्जनों मधुमक्खियां एक-एक व्यक्ति पर टूट पड़ीं, जिससे यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। कई यात्री घबराकर स्टेशन में घुसने लगे और कुछ बैल गाड़ी के नीचे छुपकर जान बचाने की कोशिश करने लगे। इस दौरान दो दर्जन से ज्यादा यात्री मधुमक्खियों के हमले का शिकार हुए।घटना में गंभीर रूप से घायल चार साल की एसएनबी पटनायक और 30 वर्षीय आशीष रावत को अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा ओडिशा के बादाम पहाड़ का एक व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसे स्थानीय लोगों ने उठाकर पानी पिलाया और ओडिशा बेहतर इलाज के लिए भेजा।
घटना की वजह पेड़ में लगे मधुमक्खी के छत्ते पर बाज का हमलाघटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन के पास एक पेड़ में मधुमक्खियों का छत्ता था, जिस पर अचानक एक बाज ने हमला कर दिया। बाज के हमले से मधुमक्खियां बेकाबू हो गईं और उन्होंने पास में खड़े यात्रियों पर हमला कर दिया।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।