Hindi News / अविनाश कुमार ने श्रावणी मेले की तैयारियों का लिया जायजा,श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर...

बासुकीनाथ पहुंचे मुख्य सचिव : अविनाश कुमार ने श्रावणी मेले की तैयारियों का लिया जायजा,श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर रहा विशेष जोर

Edited By:  |
basukinath pahuchey mukhya sachiv

दुमका: झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने मंगलवार को बासुकीनाथ धाम पहुंचकर राजकीय श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों के साथ पूरे मेला क्षेत्र का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा,सुविधा एवं व्यवस्थाओं का बारिकी से देखा. मुख्य सचिव ने बताया कि इस बार श्रावणी मेले में आधुनिक तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा. देवघर और बासुकीनाथ के पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के माध्यम से की जाएगी. इसके अलावा ड्रोन और CCTV कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी,ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.

अविनाश कुमार ने कहा कि कांवरियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलार्पण के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

निरीक्षण से पहले मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने बाबा बासुकीनाथ और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. उन्होंने मंगल आरती में भी भाग लिया और राज्य की खुशहाली की कामना की.