बासुकीनाथ में शिवभक्तों की भारी भीड़ : मंदिर का पट खुलते ही उमड़ा जनसैलाब,आकर्षक झांकी के साथ निकलेगी शिव बारात

Edited By:  |
basukinath mein shivbhakton ki bhari bheedh

दुमका:महाशिवरात्रि के मौके पर बाबा बासुकीनाथ धाम मंदिर में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. आस्था के इस दरबार में मंदिर का पट खुलते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. आज भगवान शिव और माता पार्वती को विवाहोत्सव है. ऐसे में बाबा के हर भक्त दर्शन पूजन करने को आतुर नजर आ रहे हैं. बाबा बासुकीनाथ के दरबार में शिवभक्तों में गजब का उत्साह देखा जा रहा. श्रद्दालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना में लीन है. आज के दिन बासुकीनाथ धाम में बाबा पर जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है.

पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा ने बताया कि बासुकीनाथ धाम में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार हर साल महाशिवरात्रि महोत्सव बासुकीनाथ धाम मेंमनाया जाता है. जिस प्रकार हिंदू धर्म में वर-वधू का वैवाहिक कार्यक्रम होता है ठीक उसी तरह से बासुकीनाथ धाम में शिव-पार्वती का विवाह होता है.

आज देर रात मंदिर परिसर से आकर्षक झांकी के साथ शिव बारात निकलेगी और नगर भ्रमण के साथ वापस पार्वती मंदिर में आकर रुकेगी. इसके बाद शिव-पार्वती का विवाह संपन्न कराया जाएगा. ठीक इसके अगले दिन मर्याद एवं घूंघट का रस्म भी की जाएगी. वहीं, दूरदराज से पहुंचे बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक विधि व्यवस्था से संतुष्ट नजर आये.