बच्चा चोरी की अफवाह : कोडरमा में बच्चा चोरी के शक पर युवक की पिटाई,पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से बचाया

Edited By:  |
bachha chori ki afwah

कोडरमा:राज्यभर में बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल रही है. कोडरमा जिले से भी बच्चा चोरी की अफवाह पर बेवजह पिटाई करने का मामला सामने आया है. ताजा मामला कोडरमा-गिरिडीह बॉर्डर पर स्थित पपलो पंचायत के नावाडीह (बेको) गांव की है. जहांबच्चा चोर होने की अफवाह पर एक अज्ञात युवक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी. गांव में एक अनजान युवक गांव में घूमता देखकर ग्रामीणों ने पहले उससे पूछताछ की. जब युवक ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया तोबच्चा चोरी के शक पर उसकी पिटाई कर दी.हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन भीड़ के आगे उनकी एक नहीं चली.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना के दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने युवक का वीडियो बनाकर उसे ‘बच्चा चोर’ बताते हुए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और थाने ले आई.पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर मारपीट के निशान थे. उसे तत्काल अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया. थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा. पूछताछ में वह अपना सही पता या पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता सका. युवक को इलाज के बाद छोड़ दिया गया है.

पुलिस की अपील-कानून हाथ में न लें

राज्य के विभिन्न जिलों में इन दिनों बच्चा चोर गिरोह की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं. इसी के कारण कई जगहों पर निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं. पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें. पुलिस ने कानून को अपने हाथों में नहीं लेने की अपील की है.थाना प्रभारी ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय सतर्कता बरतें और प्रशासन को सहयोग करें. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है.