अवैध हथियार के साथ संदिग्ध गिरफ्तार : जमशेदपुर में बड़ी घटना को अंजाम देने से पहले पुलिस ने दबोचा
जमशेदपुर:जिले के उलीडीह ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार परकार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को अवैध हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था. गिरफ्तार युवक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है.
बताया जा रहा है कि जमशेदपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओलडीह ओपी क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है. इसी सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया है.
वहीं, तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और तीन गोलियां बरामद की गई है. गिरफ्त में आये व्यक्ति का नाम बिस्वजीत सिंह है, पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार बिहार के बक्सर से 30 हजार रुपये में खरीदा था. आरोपी इस हथियार का इस्तेमाल इलाके में दहशत फैलाने, व्यवसायियों को धमकाने और रंगदारी वसूलने के लिए करने वाला था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं.