पेपर लीक पर सियासी उबाल : जमशेदपुर में बीजेपी का फूटा गुस्सा,हेमंत सोरेन का फूंका पुतला
जमशेदपुर: झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की आशंका को लेकर सियासी उबाल है. जमशेदपुर महानगर के बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह के नेतृत्व में साकची गोलचक्कर के पास जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की.
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जिला बीजेपी कार्यालय से पैदल मार्च करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला लेकर साकची गोलचक्कर तक रास्ते में सरकार विरोधी नारेबाजी कर पुतला दहन किया.
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने महागठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की घोर लापरवाही के कारण सिपाही भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पूरी तरह संदिग्ध हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बबुआ सिंह ने तमाड़ के परीक्षा केंद्र का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पेपर लीक गिरोह के संदेह में 164 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पूरे मामले में संगठित साजिश के तहत परीक्षा प्रणाली को प्रभावित किया जा रहा है. उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.