Hindi News / स्वास्थ्य मंत्री डॉ.इरफान अंसारी हालचाल जानने पहुंचे सदर अस्पताल

अनशनकारी छात्र राहुल की बिगड़ी तबीयत : स्वास्थ्य मंत्री डॉ.इरफान अंसारी हालचाल जानने पहुंचे सदर अस्पताल

Edited By:  |
ansankari chatra rahul ki bigri tabiyat

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच अनशनकारियों की तबियत अब धीरे - धीरे बिगड़ने लगी है. शुक्रवार को आमरण अनशन पर बैठे पलामू निवासी छात्र राहुल की अचानक तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में इलाज शुरू किया. वहीं, दोपहर दो बजे के करीब एक और अनशनकारी छात्र की तबीयत बिगड़ गई. वह मंच पर अचानक नारा लगाते-लगाते बेहोश हो गया. इसके बाद उन्हें मौके पर पहले से मौजूद एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां, इमरजेंसी में उनका उपचार किया गया.

राहुल की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी उनके स्वास्थ्य का हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने इलाज कर रहे डॉक्टर से उनकी सेहत को लेकर जानकारी भी ली. साथ ही बेहतर उपचार प्रबंधन करने का निर्देश दिया. आंदोलनकारी छात्रों ने छात्रों की लगातार बिगड़ रही तबीयत को देखते हुए वहां 24 घंटे मेडिकल इमरजेंसी टीम की तैनाती की मांग की.

इधर,घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओ और एसडीएम सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने चिकित्सकों से राहुल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और इलाज की व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.