अमृत भारत योजना के तहत मिलेगी सौगात : आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम ने मधुपुर स्टेशन का लिया जायजा, यात्रियों को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

Edited By:  |
amrit bharat yojna k tahat milegi saugaat

मधुपुर:अमृत भारत योजना के अंतर्गत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमृत भारत-2 के तहत दो नई ट्रेनों का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया जाना है. इसी क्रम में संतरागाछी से बनारस जाने वाली एक नई ट्रेन का ठहराव मधुपुर स्टेशन पर सुनिश्चित किया गया है. इसे लेकर आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम सुधीर कुमार शर्मा तैयारियों का जायजा लेने मधुपुर पहुंचे. डीआरएम के मधुपुर स्टेशन पहुंचते ही रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया.


इस दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया. स्टेशन के विभिन्न कार्यालयों, यात्री सुविधा केंद्र, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और परिचालन व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में डीआरएम सुधीर कुमार शर्मा ने यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने, समयपालन, स्वच्छता, सुरक्षा और सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अमृत भारत योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों और सेवाओं को आधुनिक बनाना है, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें.


इस अवसर पर आसनसोल रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, मधुपुर रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे. रेलवे प्रशासन द्वारा नई ट्रेन के संचालन से क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.


देवघर से राम झा की रिपोर्ट