एयर एम्बुलेंस क्रैश
सांसद कालीचरण सिंह मृतक दंपती के आवास पहुंचे,सरकार से की कंपनी के विरूद्ध कार्रवाई की मांग
चतरा: मंगलवार को हुई एयर एम्बुलेंस क्रैश घटना में मरीज संजय और उनकी पत्नी की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है. इस दुख की घड़ी में चतरा सांसद कालीचरण सिंह उनके आवास चंदवा पहुंचे.सांसद ने अबोध बेटे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की. राज्य व केन्द्र सरकार से कंपनी के विरूद्ध लापरवाही बरतने पर जवाबदेही और कार्रवाई करने की मांग की है.
दंपती के अबोध पुत्र और परिजनों से मुलाकात
घटना के बारे में बताए कि चतरा जिले के घने जंगलों में एयर एम्बुलेंस क्रैश होने पर लातेहार के चंदवा निवासी मरीज संजय कुमार और पत्नी की मौत हो गई थी. मौत की सूचना मिलने पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने मृतक दंपती के आवास पहुंचे. जहां उन्होंने दंपती के अबोध पुत्र और अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की थी.
हादसे पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग
सांसद ने परिवार वालों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया. इधर घटना को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि दोबारा इस तरह की दर्दनाक घटना नहीं हो सके. उन्होंने हेमंत सरकार और केन्द्र सरकार से हादसे पर अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है.
जिले से तीन लोगों की हुई मौत
बताते चलें कि दो दिन पूर्व हुई एयर एम्बुलेंस क्रैश हादसा में लातेहार जिले के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. जिसमें संजय कुमार और पत्नी अर्चना देवी के अलावा पायलट कैप्टन विवेक विकास भगत शामिल हैं. संजय अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गये. जिनकी उम्र 12 और 15 वर्ष है. वहीं, कैप्टन विवेक विकास भगत पिता के एकलौता बेटे थे. इस घटना से लातेहार जिलावासी स्तब्ध हैं.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।