अधर में लटका छात्रों का भविष्य : JKSJM इंटर कॉलेज में जैक बोर्ड ने अब तक नहीं जारी किया ऑनलाइन रिजल्ट
सरायकेला: चांडिल अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड स्थित J.K.S.J.M. इंटर कॉलेज आदारडीह में इंटरमीडिएट के तीनों संकाय यानी आट्स, साइंस,कॉमर्स के छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम जैक बोर्ड द्वारा ऑनलाइन जारी नहीं किए जाने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में भारी चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है.मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को कॉलेज परिसर में वाइस प्रिंसिपल पुरुषोत्तम महतो की अध्यक्षता में कॉलेज की सभी कमेटियों की बैठक बुलाई गई. बैठक में रिजल्ट जारी नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताई गई.कॉलेज प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि अगर आज शाम पांच बजे तक ऑनलाइन रिजल्ट जारी नहीं होता है तो जैक बोर्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी.
हर साल 95% रिजल्ट" का दावा
कॉलेज प्रबंधन ने दावा किया है कि प्रत्येक वर्ष यहां का रिजल्ट 95% रहता है. इस वर्ष जैक बोर्ड द्वारा समय पर परीक्षा परिणाम ऑनलाइन जारी नहीं किए जाने पर सभी शिक्षकों ने नाराजगी जाहिर की है.वाइस प्रिंसिपल पुरुषोत्तम महतो ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रों का फॉर्म सही तरीके से भरा गया था, बच्चों ने परीक्षा भी दी है और प्रैक्टिकल के अंक भी भेज दिए गए हैं. इसके बावजूद लगभग 300 छात्रों का रिजल्ट घोषित नहीं होना हम सबके लिए चिंता और असमंजस का विषय है. पिछले 15 वर्षों से कॉलेज का 95 प्रतिशत तक रिजल्ट आता रहा है, ऐसे में इस बार परिणाम क्यों नहीं आया, इसका स्पष्ट कारण कोई नहीं बता पा रहा है.
बोर्ड की ओर से मिल रहाआश्वासन
हालांकि बोर्ड की ओर से लगातार सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन परीक्षाफल अब तक जारी नहीं हुआ है. सोमवार शाम 5 बजे तक रिजल्ट आने की संभावना जताई गई है. नेट के इस दौर में यह भी संभव है कि संख्या भरने में कहीं तकनीकी त्रुटि हुई हो,लेकिन सही कारण बताने में फिलहाल सभी असमर्थ हैं.
जैक बोर्ड से अविलंब परिणाम जारी करने की मांग
इस कॉलेज में जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो एवं पश्चिम बंगाल राज्य के विभिन्न जगहों से छात्र पढ़ाई करने आते हैं. रिजल्ट नहीं आने पर दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले गरीब परिवारों के छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव में हैं. बच्चों के एडमिशन और करियर पर असर पड़ रहा है.रिजल्ट में देरी होने पर सैकड़ों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है. अभिभावकों और छात्रों ने जैक बोर्ड से अविलंब परिणाम जारी करने की मांग की है.
अधर में लटका छात्रों का भविष्य
कॉलेज के लगभग 300 बच्चों का परीक्षाफल अब तक घोषित नहीं होना बेहद चिंताजनक है. आज इन छात्रों के भविष्य का सवाल है, क्योंकि उच्च वर्ग एवं ग्रेजुएशन में नामांकन के लिए रिजल्ट आवश्यक है. बंगाल, रांची, बोकारो सहित कुकड़ू और नीमडीह क्षेत्र के बच्चे यहां पढ़ते हैं, आखिर छात्रों के भविष्य के साथ कब तक खिलवाड़ किया जाएगा.